रायपुर: पंडरी थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में शुक्रवार रात एमबीबीएस थर्ड ईयर के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र का शव उसके दोस्त के कमरे में बिस्तर पर औंधे मुंह मिला। प्रारंभिक जांच में मौके से एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली अत्यधिक शक्तिशाली नशीली दवा ‘फेंटानिल’ और इंजेक्शन बरामद हुए हैं, जिसके ओवरडोज से मौत की आशंका जताई जा रही है।
राजस्थान का रहने वाला था मृतक छात्र मृतक छात्र की पहचान विनायक सैनी (निवासी अजमेर, राजस्थान) के रूप में हुई है, जो बालाजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तीसरे वर्ष का छात्र था। वह हॉस्टल की चौथी मंजिल पर रहता था, लेकिन घटना के वक्त उसका शव तीसरी मंजिल पर स्थित उसके एक दोस्त के कमरे में मिला।
दोस्त ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक का दोस्त रात करीब 9 बजे खाना खाने गया था। जब वह वापस लौटा, तो उसने विनायक को बिस्तर पर औंधे मुंह पड़े देखा। इसके बाद वह अन्य साथियों की मदद से उसे तुरंत इलाज के लिए बालाजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे ‘ब्रॉड डेड’ (मृत) घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, छात्र एक दिन पहले ही अपने गृहग्राम से लौटकर आया था।
फेंटानिल की खतरनाक खुराक और पुलिस जांच विशेषज्ञों के अनुसार, ‘फेंटानिल’ एक बेहद शक्तिशाली सिंथेटिक ओपिओइड पेनकिलर है, जो मॉर्फिन से करीब 100 गुना और हेरोइन से 50 गुना अधिक असरदार होती है। इसकी महज 2 से 3 मिलीग्राम की मात्रा भी सांस पूरी तरह रोक सकती है, जिससे व्यक्ति की जान जा सकती है।
पुलिस इस मामले को फिलहाल आत्महत्या और ओवरडोज दोनों ही एंगल से खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और नशीली दवा के सेवन के सटीक हालातों का खुलासा हो सकेगा।










