रायपुर। छत्तीसगढ़ के निर्यातकों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए अवसरों से जोड़ने के लिए राजधानी रायपुर में 12 नवंबर 2026 को एक दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में मुक्त व्यापार समझौतों (Free Trade Agreements-FTAs) के लाभों और विभिन्न देशों में निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा होगी।
होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में होगा आयोजन
यह कार्यशाला 12 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, वीआईपी रोड, रायपुर में आयोजित होगी। कार्यशाला की थीम ‘मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उठाना (Leveraging Free Trade Agreements-FTAs)’ रखी गई है।
इसमें छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़ी प्रक्रियाओं, व्यापारिक अवसरों और मुक्त व्यापार समझौतों के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
UK, UAE और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में खुलेंगे निर्यात के रास्ते
कार्यशाला में भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत भारतीय उत्पादों को मिलने वाले संभावित लाभों पर विशेष चर्चा होगी। इन समझौतों के माध्यम से कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय उत्पादों को शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है।
इस दौरान UK, ओमान, न्यूजीलैंड, UAE और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों के बाजारों में निर्यात की संभावनाओं और व्यापारिक अवसरों पर जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ के उद्यमियों और निर्यातकों को नए वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
अलग-अलग उद्योगों के लिए होंगे विशेष सत्र
कार्यशाला में विभिन्न उद्योगों और क्षेत्रों के लिए सेक्टर आधारित विशेष सत्र (Sector-Specific Breakout Sessions) आयोजित किए जाएंगे। इनमें संभावित निर्यात उत्पादों, अंतरराष्ट्रीय बाजारों की मांग और अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध व्यापारिक संभावनाओं पर व्यावहारिक चर्चा होगी।
इसके साथ ही निर्यातकों को उत्पत्ति के नियम (Rules of Origin), गैर-शुल्क बाधाओं (Non-Tariff Barriers) और मुक्त व्यापार समझौतों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ बताएंगे कि निर्यातक FTA के तहत मिलने वाली सुविधाओं का प्रभावी उपयोग कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता कैसे बढ़ा सकते हैं।
केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल
इस राज्य स्तरीय कार्यशाला में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यशाला से प्रदेश के उद्यमियों और निर्यातकों को वैश्विक व्यापार की बारीकियों को समझने, नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों की पहचान करने और छत्तीसगढ़ के उत्पादों की विदेशों में पहुंच बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।










