रायपुर। होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दोनों के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में एक और FIR दर्ज की गई है। इस बार मामला होटल की संपत्ति पर कथित कब्जा करने, नगर निगम की सरकारी सील तोड़ने और जबरन प्रवेश करने से जुड़ा है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने दंपती और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
लीज खत्म होने के बाद भी होटल पर कब्जे का आरोप
शिकायतकर्ता सरिता बाजपेयी के मुताबिक, उन्होंने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल संचालित करने के लिए दीपक टंडन को लीज पर दी थी। इस संपत्ति में होटल ‘बेलाकासा श्री’ का संचालन किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हुई, जिसके बाद आपसी सहमति से इसे दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया। लीज की अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पिछले करीब एक साल से किराये का भुगतान भी नियमित रूप से नहीं किया जा रहा था। वहीं, प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।
सरकारी सील तोड़कर होटल में मौजूद होने का आरोप
सरिता बाजपेयी ने आरोप लगाया कि 23 अगस्त को जब वे संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर होटल के अंदर मौजूद थे। इस मामले की शिकायत नगर निगम में की गई, जिसके बाद संपत्ति को दोबारा सील कर दिया गया।
शिकायत के अनुसार, 30 सितंबर को संपत्ति की चाबी सौंपने को लेकर बातचीत हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोली और पंचनामा तैयार किया।
मेन गेट और अंदर के ताले तोड़कर जबरन घुसने का आरोप
FIR के मुताबिक, 27 अक्टूबर को जब सरिता बाजपेयी अपने एक साथी के साथ होटल पहुंचीं, तब दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके साथियों ने कथित तौर पर मेन गेट सहित अंदर के ताले तोड़ दिए और जबरन संपत्ति में प्रवेश किया।
शिकायतकर्ता ने दंपती और उनके साथियों पर अश्लील हरकत करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
BNS की इन 8 धाराओं में दर्ज हुआ केस
तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन, बरखा टंडन और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
AI तस्वीरों से छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग मामले में भी हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि दीपक टंडन को इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर जिले की सिरगिट्टी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह मामला AI की मदद से तस्वीरों में कथित छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से जुड़ा है।
अब रायपुर में होटल संपत्ति विवाद को लेकर नई FIR दर्ज होने के बाद दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की कानूनी मुश्किलें और बढ़ती दिखाई दे रही हैं। फिलहाल, इस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जाएगी।










