छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। जिले के एक सीमेंट प्लांट परिसर में आम तोड़ने गए 8 साल के मासूम के साथ वहां तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने क्रूरता की, जिससे बच्चे की हालत गंभीर हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बच्चा प्लांट परिसर में आम तोड़ रहा था, तभी सिक्योरिटी गार्ड ने उसे पकड़ लिया और बेरहमी से पटक-पटक कर पीटना शुरू कर दिया। गंभीर रूप से घायल मासूम को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद गुस्साए परिजन और कांग्रेस कार्यकर्ता बच्चे को लेकर बलौदाबाजार थाने पहुंचे और आरोपी गार्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि इस घटना में एक नहीं बल्कि तीन सिक्योरिटी गार्ड शामिल थे, इसलिए सभी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। लोग इस घटना के बाद आक्रोशित हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।










