Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- बारिश के चलते आज सभी स्कूल बंद, बांधों से छोड़ा जा रहा भारी मात्रा में पानी

धमतरी। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच धमतरी जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 25 सितंबर को जिले की सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त शालाओं में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने मौसम और जलभराव की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया है।

त्रैमासिक परीक्षा की नई तिथि बाद में होगी जारी

वर्तमान में संचालित त्रैमासिक परीक्षाओं को लेकर आगामी तिथियों और आवश्यक दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा की अगली तिथि एवं अन्य जानकारी के लिए विद्यालय या संबंधित विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।

चार प्रमुख जलाशयों में बढ़ा जलभराव

लगातार बारिश के कारण धमतरी जिले के प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक बढ़ गई है। 25 सितंबर की सुबह 8 बजे जारी प्रशासनिक जानकारी के अनुसार गंगरेल जलाशय में 98.14 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली में 100 प्रतिशत, दूधावा में 97.21 प्रतिशत और सोंढूर जलाशय में 88.18 प्रतिशत जलभराव दर्ज किया गया।

जलाशयों से बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। गंगरेल बांध के 10 गेट खोलकर कुल 54,950 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें 6,000 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज से नहर में और 48,950 क्यूसेक पानी महानदी में छोड़ा जा रहा है।

वहीं मुरुमसिल्ली जलाशय से 7,286 क्यूसेक, दूधावा जलाशय से 16,606 क्यूसेक और सोंढूर जलाशय के 5 गेटों से 16,402 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा जा रहा है।

महानदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट

बांधों से पानी छोड़े जाने के चलते महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों को पार नहीं करने और स्थिति गंभीर होने पर चिन्हांकित सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार जलाशयों और नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Posts

1 of 470