बतौली। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत दूरस्थ ग्राम शिवपुर में एक बड़ा हादसा सामने आया है। मरीज छोड़कर वापस अंबिकापुर जा रही एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरी। हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
वापसी के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे शिवपुर स्थित एकलव्य विद्यालय के पास तेज रफ्तार इको वैन एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल से नीचे पलट गई। उस समय ड्राइवर मरीज को छोड़कर अंबिकापुर लौट रहा था।
वाहन में फंसा ड्राइवर
हादसे के बाद एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ड्राइवर शैलेन्द्र वाहन के अंदर ही फंस गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और उसे बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने बचाई जान
स्थानीय लोगों की मदद से घायल ड्राइवर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि हादसे के समय एंबुलेंस में कोई मरीज मौजूद नहीं था, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।










