जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज प्लांट में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लांट के फर्नेस में अचानक पंचर हो जाने से पिघला हुआ लोहा (लावा) बाहर निकलने लगा, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
फर्नेस पंचर से मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, कोटाडबरी स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज के प्लांट में काम के दौरान फर्नेस पंचर हो गया। इसके बाद लोहा बनने की प्रक्रिया में तैयार पिघला हुआ पदार्थ बाहर निकलने लगा। इस घटना से प्लांट के अंदर मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई और भगदड़ जैसे हालात बन गए।
वीडियो आया सामने
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दूर-दूर तक धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्लांट प्रबंधन ने इस पूरे घटनाक्रम को सामान्य तकनीकी घटना बताते हुए स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है।
हालिया बड़े हादसे की याद ताजा
इस घटना ने हाल ही में सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे की याद ताजा कर दी। 14 अप्रैल को हुए उस हादसे में बॉयलर पाइप फटने से 600 डिग्री तापमान की भाप और पानी फैल गया था, जिसमें 24 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। हालांकि इस बार बड़ा हादसा टल गया, लेकिन भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी और सुरक्षा उपायों की जरूरत महसूस की जा रही है।









