रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और लोक परंपराओं को आज राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान मिलने जा रहा है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ‘बस्तर पंडुम 2026’ के विजेताओं और प्रतिनिधिमंडल को सम्मानित करेंगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के अनुसार, बस्तर पंडुम 2026 के विजेता और प्रतिनिधिमंडल सुबह करीब 11:30 बजे राष्ट्रपति भवन पहुंचेगा। समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु विजेताओं को सम्मानित करेंगी और बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में बस्तर के लोक कलाकार, पारंपरिक जनजातीय प्रतिनिधि तथा पद्म पुरस्कार से सम्मानित हस्तियां भी शामिल होंगी। इस आयोजन का उद्देश्य बस्तर की सांस्कृतिक धरोहर और परंपराओं को देशभर के सामने प्रस्तुत करना है।
वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने दिल्ली दौरे के दौरान राष्ट्रपति भवन के इस समारोह में शामिल होने के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात संभव है, जिसमें राज्य की विकास परियोजनाओं, केंद्र-राज्य समन्वय और अन्य अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।









