Trendingदेशबड़ी खबर

लद्दाख घूम रहे थे बाइकर्स, फोन में दिखने लगा चीन का टाइम! वीडियो वायरल

Ladakh bikers Viral Video: लद्दाख घूमने गए बाइकर्स के एक ग्रुप के साथ हाल ही में एक ऐसी घटना घटी, जिसने सोशल मीडिया पर सबको सोचने पर मजबूर कर दिया है. वायरल हो रहे वीडियो में बाइकर्स का दावा है कि वे खड़े तो भारत की जमीन पर हैं, लेकिन उनका मोबाइल पड़ोसी मुल्क चीन का टाइम बता रहा है. आसान भाषा में समझते हैं कि आखिर यह पूरा माजरा क्या है और ऐसा क्यों हुआ.

वायरल हो रहे इस वीडियो में बाइकर्स का एक ग्रुप लद्दाख के बॉर्डर वाले इलाके में रुका हुआ दिख रहा है. वे अपने फोन की स्क्रीन दिखाते हुए कहते हैं वे इंडिया में हैं, लेकिन उनके फोन का टाइम बदलकर चीन का हो गया है. यह बात इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि भारत और चीन के समय में पूरे ढाई घंटे का फर्क है. जैसा कि वायरल क्लिप में एक बाइकर को हैरान होकर यह बताते हुए सुना जा सकता है, अजय जी मेरे मोबाइल में 7:37 हो गया, जबकि उस समय शाम के 5:00 बज रहे थे.

अब सवाल ये है कि आखिर बिना छूए फोन का टाइम कैसे बदल गया. असल में यह कोई जादू नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक साधारण-सा टेक्निकल कारण है. हमारे स्मार्टफोन में ऑटोमेटिक टाइम जोन (Automatic Time Zone) नाम की एक सेटिंग होती है, जो नजदीकी मोबाइल टावर से सिग्नल लेकर अपने आप वहां का लोकल टाइम सेट कर लेती है.

चूंकि लद्दाख के कई इलाके चीन की सरहद (LAC) के बेहद करीब हैं. वहीं, चीन ने बॉर्डर पर काफी शक्तिशाली मोबाइल टावर लगा रखे हैं. कई बार इन टावरों का सिग्नल भारतीय सीमा में होते हुए भी पकड़ने लगते हैं. यही वजह है कि जब बाइकर्स उस इलाके से गुजरे, तो उनके फोन ने भारतीय नेटवर्क कमजोर होने के कारण चीनी नेटवर्क को पकड़ लिया. नतीजा ये हुआ कि फोन ने चीनी टाइम दिखाना शुरू कर दिया.

इस वीडियो के वायरल होते ही इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई है. कुछ इसे सामान्य टेक्निकल ग्लिच मान रहे हैं, तो कुछ सुरक्षा के लिहाज से इसे गंभीर बता रहे हैं. चीन के साथ चल रहे सीमा तनाव के बीच यह वीडियो लोगों को परेशान कर रहा है.

रक्षा जानकारों के अनुसार, बॉर्डर से सटे इलाकों में ऐसा होना कोई नई बात नहीं है. चीन सीमा पर अपना इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत कर रहा है और उनके टावरों की फ्रीक्वेंसी इतनी तेजी होती है कि सिग्नल नौ मैन्स लैंड को पार कर इधर आ जाते हैं.

अगर आप भी लद्दाख की खूबसूरत जगहों को एक्सप्लोर करने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो इस डिजिटल कन्फ्यूजन से बचने के लिए फोन में एक छोटी सी सेटिंग जरूर कर लें. अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर ऑटोमेटिक नेटवर्क सिलेक्शन को बंद कर दें और अपने ऑपरेटर को मैनुअली सिलेक्ट करें.

Related Posts

पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड में नया मोड़, गवाहों को बयान बदलने के लिए 1 लाख का ऑफर; एसपी से शिकायत

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बहुचर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड…

1 of 376