Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिलासपुर एयरपोर्ट को DGCA से ऑल वेदर ऑपरेशन की मंजूरी, मुख्यमंत्री साय बोले- छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी नई उड़ान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 3C-VFR श्रेणी से उन्नत कर 3C-ऑल वेदर ऑपरेशंस (IFR) श्रेणी में अपग्रेड किए जाने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से अब बिलासपुर एयरपोर्ट पर सभी मौसमों में विमान संचालन संभव हो सकेगा।

इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में दूरगामी और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि ऑल वेदर ऑपरेशन की सुविधा मिलने से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं विश्वसनीय हवाई सेवाएँ उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस निर्णय से बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार, उद्योग और पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी। बेहतर हवाई सुविधा से औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू के प्रति प्रदेश की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में आधुनिक बुनियादी ढांचे का तेज़ी से विकास हो रहा है, जो राज्य को प्रगति के नए आयामों तक ले जा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि न केवल बिलासपुर एयरपोर्ट बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई दिशा देगी तथा प्रदेश को राष्ट्रीय विमानन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाएगी।


Related Posts

1 of 386