बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में ब्रांडेड कंपनी के नाम पर नकली सिगरेट खपाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली से पहुंची ITC की टीम ने सिविल लाइन पुलिस के साथ मिलकर व्यापार विहार और निगम कॉलोनी इलाके में छापेमारी कर करीब 5 लाख रुपए की नकली ‘गोल्ड फ्लैक’ सिगरेट जब्त की है।
ITC की टीम ने बिछाया जाल
दिल्ली की आईटीसी टीम को लगातार शिकायत मिल रही थी कि बिलासपुर के पान ठेलों और छोटी दुकानों में नकली सिगरेट बेची जा रही है। टीम ने बुधवार को शहर पहुंचकर पहले ठेलों से सैंपल लिए, जो जांच में नकली पाए गए। इसके बाद टीम के सदस्य खुद ‘ग्राहक’ बने और थोक सप्लायर रोशन चंदानी से संपर्क किया। सप्लायर ने उन्हें माल देने के लिए निगम कॉलोनी स्थित अपनी फर्म में बुलाया, जहाँ टीम ने मौके पर पहुंचकर सिगरेट के पैकेट और स्टिक का मिलान किया। जांच में माल पूरी तरह नकली निकला।
सिविल लाइन थाने में देर रात तक ड्रामा
कार्रवाई के दौरान करीब 4 कार्टून नकली सिगरेट जब्त की गई, जिसकी कीमत 5 लाख रुपए बताई जा रही है। जब पुलिस आरोपी कारोबारी को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंची, तो वहां अन्य व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ रसूखदार व्यापारी मामले को रफा-दफा करने के लिए दबाव भी बना रहे थे।
रोजाना 2 लाख का अवैध कारोबार शुरुआती जांच में पता चला है कि शहर में रोजाना करीब 2 लाख रुपए की नकली सिगरेट खपाई जा रही थी। यह सिगरेट देखने में बिल्कुल असली लगती है, लेकिन इसके स्वाद, तंबाकू की क्वालिटी और होलोग्राम में काफी अंतर होता है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नकली माल की सप्लाई कहां से हो रही थी।
ऐसे पहचानें असली और नकली (Box News/Visual Info)
- पैकेजिंग: असली पैक की प्रिंटिंग और होलोग्राम ज्यादा साफ और चमकदार होते हैं।
- सुरक्षा कोड: हर पैकेट पर आईटीसी का खास लोगो और सिक्योरिटी कोड होता है।
- स्टिक की बनावट: नकली सिगरेट की स्टिक ढीली या फिनिशिंग में खराब हो सकती है।
- स्वाद और धुआं: नकली सिगरेट का स्वाद कड़वा होता है और इसका धुआं आंखों या गले में ज्यादा जलन पैदा करता है।










