Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

UCC पर छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष का समर्थन, कहा- शरीयत से नहीं संविधान से चलेगा देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘समान नागरिक संहिता’ (UCC) लागू करने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए इस पहल को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

डॉ. सलीम राज ने कहा कि अब देश किसी विशेष विचारधारा या तुष्टीकरण की राजनीति से नहीं, बल्कि संविधान के आधार पर चलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समान नागरिक संहिता किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए है।

उन्होंने आगे कहा कि UCC से समाज में समानता और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा, इसलिए इसका समर्थन करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उनके अनुसार, यह कदम सामाजिक समरसता को बढ़ावा देगा और सभी वर्गों को एक समान अधिकार प्रदान करेगा।

पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए डॉ. सलीम राज ने आरोप लगाया कि लंबे समय तक समुदायों के बीच भ्रम और भय का माहौल बनाकर वोट बैंक की राजनीति की गई। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश ‘सबका साथ, सबका विकास’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

डॉ. सलीम राज ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह विभिन्न धर्मों के लोग एक ही मंच पर अपनी परंपराओं के साथ योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, उसी तरह समान नागरिक संहिता भी सामाजिक ताने-बाने को और अधिक मजबूत करेगी।

Related Posts

1 of 277