Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायगढ़ में 72 घंटे में सुलझा ब्लाइंड मर्डर: दोस्त ने ही पत्थर से कुचलकर की थी हत्या, पुलिस डॉग ‘रूबी’ बनी अहम कड़ी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। युवक की हत्या किसी अज्ञात बदमाश ने नहीं, बल्कि उसके ही दोस्त ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद की थी। पुलिस डॉग ‘रूबी’, फोरेंसिक साक्ष्यों और वैज्ञानिक जांच की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में लैलूंगा पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 की रात ग्राम भकुर्रा निवासी गोरखनाथ चौहान ने सूचना दी कि उनके 23 वर्षीय पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान का शव घर की परछी में पड़ा है। शव के पास खून से सना भारी शील पत्थर मिला था।

जांच के दौरान घटनास्थल से एक गमछा बरामद हुआ, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ। इसके बाद डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई। पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव (26) की ओर संकेत किया। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और रामनाथ साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में आकर उसने घर में रखा भारी शील पत्थर उठाकर रामनाथ के सिर और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए। जांच में हत्या का अपराध प्रमाणित होने पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है। मामले का त्वरित खुलासा करने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी गिरधारी साव, लैलूंगा पुलिस टीम, पुलिस डॉग ‘रूबी’ और डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।

Related Posts

PGBT कॉलेज में फर्जीवाड़े का आरोप, प्राचार्य के फर्जी हस्ताक्षर से 5 शिक्षकों का तबादला कराने का मामला दर्ज

बिलासपुर। बिलासपुर के तारबाहर स्थित PGBT कॉलेज में कथित दस्तावेजी फर्जीवाड़े का…

बिलासपुर में सरकारी स्कूल के छात्रों का फूटा गुस्सा, कॉपी के पन्ने पर शिकायत लिख कलेक्टर के पास पहुंचे

बिलासपुर। जिले के मल्हार स्थित एक शासकीय स्कूल की शिक्षा व्यवस्था को लेकर…

1 of 475