भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक नामी होटल के कमरे में प्रेमी जोड़े के बीच हुए खूनी विवाद के बाद एक आत्मघाती कदम उठाया गया। होटल के कमरे में हुए झगड़े के बाद जहां 19 साल के युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, वहीं उसकी 23 वर्षीय गर्लफ्रेंड ने भी हाथ की नस और गर्दन काटकर जान देने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को तत्काल लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी जांच की जा रही है।
पुरानी गर्लफ्रेंड के फोन ने भड़काया विवाद का बारूद
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जवाहर नगर (अटल आवास) निवासी 19 वर्षीय शदाब शेख के रूप में हुई है, जो पेशे से पियानो बजाता था। शादाब मंगलवार शाम को अपनी 23 वर्षीय नई गर्लफ्रेंड के साथ सुपेला के एक होटल में रुका था।
मृतक के दोस्तों और परिजनों के मुताबिक, शादाब का अपनी पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था और दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत बंद थी। लेकिन जिस दिन शादाब होटल में था, उसी दिन अचानक उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड का फोन आ गया। इस बात को लेकर होटल के कमरे में मौजूद उसकी नई गर्लफ्रेंड बुरी तरह भड़क गई।
परिजनों का गंभीर आरोप: बेल्ट से पीटा, ब्लेड से खुद को काटकर धमकाया
शादाब की मौत के बाद उसके परिजनों ने नई गर्लफ्रेंड पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि विवाद बढ़ने पर गर्लफ्रेंड ने शादाब को बेल्ट से बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसने खुद का हाथ और गर्दन ब्लेड से काटकर शादाब को डराना और धमकाना शुरू कर दिया।
परिजनों और दोस्तों का दावा है कि शादाब के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। जिस हालत में उसका शव फंदे पर लटका मिला, उसे देखकर पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला नहीं लग रहा है। परिवार ने पुलिस से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
CCTV में कैद हुई संदिग्ध तस्वीरें, रातभर बाहर खड़े रहे दोस्त
मृतक शादाब के भाई अल्ताफ शेख ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे शादाब के दोस्त होटल पहुंचे थे, क्योंकि दोनों को होटल से चेक-आउट करना था। लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कोई जवाब नहीं मिल रहा था। दोस्तों ने रातभर करीब दो-तीन घंटे तक बाहर इंतजार किया। अल्ताफ के मुताबिक, सुबह करीब 6 बजे युवती अकेले कमरे से बाहर निकली और कुछ देर बाद फिर कमरे के अंदर चली गई। यह पूरी संदिग्ध गतिविधि होटल में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में भी कैद हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, हर पहलू पर जांच जारी: सीएसपी
घटना की खबर मिलते ही सुपेला और स्मृति नगर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा खोलकर शादाब के शव को फंदे से नीचे उतारा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले पर भिलाई नगर के सीएसपी (CSP) सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या यह मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों के आरोपों और सीसीटीवी फुटेज को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर छोटे-बड़े पहलू और एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत की असली वजह और समय का सटीक खुलासा हो सकेगा।










