छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ठेकेदार अजय अग्रवाल (34) की हत्या उनके अधीन काम करने वाले युवक डोमेश्वर देवांगन ने कर दी। घटना रावतपुरा फेस-2 कॉलोनी की बताई जा रही है।
लेन-देन के विवाद ने लिया खूनी रूप
पुलिस के अनुसार, मृतक और आरोपी के बीच पिछले 5-6 महीने से मजदूरी राशि 50 हजार रुपए को लेकर विवाद चल रहा था। अजय ने विवाद सुलझाने के लिए डोमेश्वर को 10 हजार रुपए देने की बात कही, लेकिन डोमेश्वर पूरी राशि लेने पर अड़ा रहा। इसी विवाद के दौरान डोमेश्वर ने आवेश में आकर चाकू से अजय पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचाया गया
चाकू के हमले से अजय गंभीर रूप से घायल हो गए और जमीन पर गिरकर बेदम हो गए। उन्हें तुरंत एम्स अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार
घटना के दो घंटे के भीतर पुलिस ने डोमेश्वर को पकड़ लिया और पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच मजदूरी राशि के विवाद को लेकर पहले भी झगड़ा हो चुका था।
विवाद का कारण
अजय अग्रवाल मकान और बिल्डिंग निर्माण का ठेका लेते थे, जबकि डोमेश्वर ठेकेदार को मजदूर उपलब्ध कराता था। मजदूरों की मजदूरी अजय से लेकर डोमेश्वर को दी जाती थी। 50 हजार रुपए को लेकर लंबे समय से दोनों में विवाद चल रहा था, जो अंततः इस हत्याकांड में बदल गया










