Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

धमतरी: युवक ने जारी किया नया वीडियो, पुलिस-युवक विवाद पर जताया अफसोस, कहा- मामला आगे नहीं बढ़ाना चाहता

धमतरी। धमतरी जिले के मुजगहन बाईपास-पोटियाडीह क्षेत्र में कुछ दिन पहले देर रात वाहन जांच के दौरान युवक और पुलिसकर्मियों के बीच हुए विवाद मामले में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आए युवक किशोर ने अब इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। वीडियो में उसने अफसोस और पछतावा व्यक्त करते हुए लोगों से मामले को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की है।

युवक ने बताया कि घटना वाली रात वह अपने परिवार के साथ फिल्म देखकर लौट रहा था। इसी दौरान वाहन जांच के लिए पुलिस ने उसकी बाइक रोकी। उसके अनुसार मौके पर बैरिकेड नहीं होने के कारण उसे स्थिति असामान्य लगी और अपनी सुरक्षा के मद्देनजर उसने वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों और उसके बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में विवाद का रूप ले बैठी।

वीडियो में युवक ने स्वीकार किया कि स्थिति बिगड़ने पर थाना प्रभारी (टीआई) को मौके पर बुलाया गया था। उसने माना कि उसे भी सहयोग करना चाहिए था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान तनाव बढ़ता चला गया। बाद में उसने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया।

युवक ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों द्वारा उससे किसी प्रकार की रिश्वत नहीं मांगी गई थी। उसने कहा कि पुलिस द्वारा मांगे गए पहचान संबंधी दस्तावेज वह जमा कर चुका है। साथ ही उसने आरोप लगाया कि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई एडिटेड वीडियो और भ्रामक टिप्पणियां सामने आईं, जिससे विवाद और बढ़ गया।

अपने बयान में युवक ने कहा कि वह अब इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहता और न ही किसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। उसने लोगों से अपील की कि घटना से जुड़े नए वीडियो या भ्रामक सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें। युवक ने यह भी कहा कि वह यह बयान किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी स्वेच्छा से दे रहा है।

गौरतलब है कि वायरल वीडियो के बाद धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने मामले की जांच के लिए तीन डीएसपी की विशेष समिति गठित की थी। समिति में डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर और डीएसपी यशकरण ध्रुव को शामिल किया गया है। जांच के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों और युवक को नोटिस भी जारी किए गए थे।

युवक के नए वीडियो के सामने आने के बाद माना जा रहा है कि विवाद अब शांत होने की दिशा में बढ़ सकता है। हालांकि मामले की अंतिम स्थिति जांच समिति की रिपोर्ट और पुलिस प्रशासन के निर्णय के बाद ही स्पष्ट होगी।

Related Posts

CG NEWS- रेत भंडारण को लेकर दुर्गा चौक पर खूनी संघर्ष, दोनों पक्षों के 10 से अधिक लोगों पर FIR, यूपी से जुड़े तार

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिला मुख्यालय के दुर्गा चौक पर देर रात रेत भंडारण…

1 of 366