बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां दूल्हे की ‘शराब’ की लत ने खुशियों वाले घर को विवाद के अखाड़े में बदल दिया। अपनी ही बारात में छककर शराब पीना एक दूल्हे को इतना भारी पड़ा कि दुल्हन ने जयमाला से पहले ही शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
ग्राम कोरमी निवासी राजू मांडले की बारात 27 अप्रैल को कसडोल गई थी। नाचते-गाते बाराती कन्या पक्ष के द्वार पर पहुंचे, लेकिन दूल्हा राजू खुद होश में नहीं था। शराब के नशे में धुत दूल्हा जब मंडप में पहुंचा, तो उसकी हरकतें देख वहां मौजूद हर कोई सन्न रह गया।
दुल्हन का साहसी फैसला
जैसे ही दुल्हन ने दूल्हे की हालत और उसकी बदतमीजी देखी, उसने तुरंत शादी तोड़ने का फैसला लिया। दुल्हन के इस कड़े स्टैंड ने पूरे मंडप में हड़कंप मचा दिया। दुल्हन पक्ष का कहना था कि जो व्यक्ति अपनी शादी के दिन खुद पर काबू नहीं रख सकता, वह भविष्य में परिवार क्या संभालेगा।
बंधक बनाने की उड़ी अफवाह, मौके पर पहुंची पुलिस
विवाद तब बढ़ गया जब दुल्हन पक्ष ने शादी में हुए खर्च के हर्जाने की मांग की। इस बीच दूल्हे के दादा ने बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में शिकायत कर दी कि बारातियों को कसडोल में ‘बंधक’ बना लिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन वहां मामला कुछ और ही निकला। बारातियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें बंधक नहीं बनाया गया है, बल्कि दूल्हे की गलती की वजह से विवाद हुआ है।
आधे-आधे खर्च पर हुआ समझौता
घंटों चली हाई-वोल्टेज ड्रामे और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठी। अंत में यह तय हुआ कि शादी की तैयारी में जो भी खर्च हुआ है, उसे दोनों पक्ष आधा-आधा (50-50) वहन करेंगे। समझौता होने के बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।










