एलन मस्क की सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस Starlink अब भारत में लॉन्च के बिल्कुल करीब है। लंबे समय से चर्चा के बाद आखिरकार Starlink India ने अपने प्लान और कीमतें जारी कर दी हैं। लेकिन जिन लोगों को उम्मीद थी कि यह एक सस्ता इंटरनेट विकल्प होगा, उनके लिए ये खबर थोड़ा निराश करने वाली है।
Starlink India की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक- भारत में Starlink के मासिक प्लान की शुरुआत ₹8,600 से होगी। इसके अलावा इंटरनेट चलाने के लिए जरूरी हार्डवेयर किट की कीमत ₹34,000 रखी गई है। यानि पहली बार Starlink लेने पर ग्राहकों को लगभग ₹42,600 तक खर्च करना पड़ेगा।
कंपनी के अनुसार- Starlink किट खरीदने के बाद यूज़र इसे खुद से सेटअप कर सकते हैं। सेटअप पूरा होते ही इंटरनेट चलना शुरू हो जाएगा। कंपनी 30 दिन का ट्रायल भी दे रही है जिसमें अनलिमिटेड डेटा मिलेगा। Starlink का कहना है कि- उनकी सर्विस 99.9% अपटाइम देती है। इंटरनेट का डिसरप्शन लगभग नामुमकिन है। इसे भारत के किसी भी कोने में इंस्टॉल किया जा सकता है, क्योंकि यह पूरी तरह सैटेलाइट-बेस्ड इंटरनेट है। हालांकि, अभी यह सर्विस सीमित जगहों पर उपलब्ध है।
दुनिया के कई देशों में Starlink कई प्रकार की सेवाएं देता है, जैसे कि- Residential Plan, Roam Plan, जिसमें ग्राहक Starlink किट को कहीं भी लेकर जा सकते हैं, यहां तक कि इसे कार के ऊपर भी माउंट कर सकते हैं। भारत में अभी कंपनी कौन-कौन सी सर्विस लॉन्च करेगी, यह अभी पूरी तरह साफ नहीं है।
आपके शहर में Starlink उपलब्ध है या नहीं? ऐसे पता करें
Starlink India की वेबसाइट पर आप- अपना PIN कोड डालकर उपलब्धता चेक कर सकते हैं। लेकिन फिलहाल हमने जिन पिन कोड्स की कोशिश की है, उन सभी पर ये संदेश मिला- “अभी आपके लोकेशन पर सर्विस उपलब्ध नहीं है।” आप अपना ईमेल ID डालकर रजिस्टर कर सकते हैं। जैसे ही आपके क्षेत्र में Starlink सर्विस शुरू होगी, कंपनी नोटिफिकेशन भेज देगी।










