कोरबा जिले में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक होटल में भोजन करना एक इंजीनियर को भारी पड़ गया। होटल के बाहर खड़ी उसकी ब्रेजा कार अज्ञात चोरों ने पार कर दी। कार के साथ उसमें रखा मोबाइल भी चोरी हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विद्युत कंपनी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत संयंत्र, कोरबा पूर्व में पदस्थ सहायक इंजीनियर किशोर कुमार अपने मित्र रुपेश ठाकुर के साथ रविवार रात ट्रांसपोर्ट नगर स्थित राजू होटल पहुंचे थे। दोनों अपनी ब्रेजा कार (क्रमांक CG 07 CJ 7836) से वहां आए थे।
रात करीब 11:20 बजे भोजन करने के बाद जब दोनों होटल से बाहर निकले, तो जहां कार खड़ी की गई थी, वहां वाहन नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली, जिसके बाद उन्हें कार चोरी होने का अहसास हुआ।
बताया जा रहा है कि कार में रुपेश ठाकुर का जियो सिम लगा मोबाइल फोन भी रखा था, जिसे चोर अपने साथ ले गए। इसके बाद किशोर कुमार ने सीएसईबी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गई कार की कीमत करीब 7.38 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह घटना शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर सवाल खड़े करती है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत को भी उजागर करती है।










