नागपुर में एक 24 साल की महिला ने आरोप लगाया है कि स्कूल के समय के एक परिचित और उसके साथियों ने उसके साथ रेप किया, ब्लैकमेल किया और जबरदस्ती उसका मतांतरण कराया।
पीड़िता ने मामले की पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता, सशस्त्र बल के जवान की पत्नी है, ने यह आरोप लगाया कि रेप के बाद उसे जबरदस्ती मांस खिलाया और यौन शोषण किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयाज ताज मदारे और उसके साथी अमीन शेख के तौर पर हुई है। तीसरा आरोपी मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव का रहने वाला हजरत मौलाना, अभी फरार है।
नशीला पदार्थ पिलाकर किया रेप
पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने FIR में आरोप लगाया है कि अयाज बार-बार प्लास्टिक की बोतल में कोई तरल पदार्थ लाता था, उसे जबरदस्ती पिलाता था, उर्दू में कुछ पढ़वाता था, उसके चेहरे पर कुछ फूंकता था और सम्मोहन व काले जादू का नाम का देकर रेप करता था।
प्रॉपर्टी खरीदने में मदद के बहाने महिला से दोस्ती
FIR के अनुसार, मदारे ने एक दोस्त को प्रॉपर्टी खरीदने में मदद के बहाने महिला से दोस्ती की थी। आरोपा है कि 8 फरवरी, 2025 को एक होटल में मुलाकात के दौरान उनसे महिला के ड्रिंक में नशीली दवा मिला दी, जिसने वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया, तो उसने कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में उसकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे।
शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया कि इन रिकॉडिंग्स का इस्तेमाल उसे ब्लैकमेल करने के लिए किया गया, उसे धमकी दी गई कि यह सामग्री वायरल की दी जाएगी और उसके पति को भेज दी जाएगी। कुछ समय के दौरान, आरोपियों ने कथित तौर पर उससे लगभग 4 लाख रुपए ऐंठ लिए।
31 मई की एक अन्य घटना में, मदारे और उसका साथी उसे कलमेश्वर ले गए, जहां हजरत मौलाना ने कथित तौर पर कुछ रस्में निभाईं और मतांतरण की प्रक्रिया के तहत उससे ‘कबूल है, कबूल है’ कहलवाया।
जबरदस्ती मांस खिलाया
महिला ने आरोप लगाया कि उसे अपनी मर्जी के खिलाफ इन कामों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया। उसने आगे बताया कि बाद में मौलाना ने उसे इस्लाम अपनाने और अयाज से निकाह करने की घोषणा कर दी, जिसके बाद उसे जबरदस्ती मांस खिलाया गया। इसके बाद वे लोग उसे एक होटल ले गए जहां अयाज ने फिर से उसके साथ रेप किया।
आरोपियों ने कई बार यौन शोषण किया
उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसके घर आते रहे और उसके बाद कई बार उसका यौन शोषण किया। प्रॉपर्टी का कारोबार करने वाली इस महिला ने शुरू में डर के कारण इन घटनाओं की रिपोर्ट नहीं की थी। बाद में उन्होंने अपने पति को जानकारी दी और सोनेगांव पुलिस से संपर्क किया, जहां FIR दर्ज की गई।
इसमें अंधविश्वास और काले जादू के खिलाफ बने कानून की धाराओं को भी शामिल किया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।









