Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

विश्व पर्यटन दिवस पर GPM को मिला सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड, धनपुर पर कॉफी टेबल बुक का विमोचन

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पर्यटन के क्षेत्र में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने Best District Promotion Award से सम्मानित किया है। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिले को यह सम्मान प्रदान किया गया।

सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस में मिला सम्मान

रायपुर में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में Central India Connect Marketplace कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी कार्यक्रम में GPM जिले को पर्यटन के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड दिया गया।

इस सम्मान को जिले की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ यहां मौजूद पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

धनपुर की ऐतिहासिक धरोहर पर कॉफी टेबल बुक

कार्यक्रम के दौरान जिले की महत्वपूर्ण पुरासांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया। पुस्तक में धनपुर की पुरातात्विक और ऐतिहासिक विशेषताओं के साथ यहां मौजूद सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन की संभावनाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

पर्यटन मंत्री समेत कई अधिकारी रहे मौजूद

कॉफी टेबल बुक का विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, GPM कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे की मौजूदगी में हुआ।

राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान की उम्मीद

GPM जिला अपने प्राकृतिक सौंदर्य के साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के लिए भी जाना जाता है। जिले को मिले Best District Promotion Award से यहां के पर्यटन स्थलों को प्रदेश के साथ राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

धनपुर जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को केंद्र में रखकर पर्यटन को बढ़ावा देने से जिले में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

Related Posts

राजनांदगांव में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान पुलिस की सख्ती, 8 युवकों पर आर्म्स एक्ट में कार्रवाई

राजनांदगांव। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए…

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा पर अमल, कुनकुरी में 1.01 करोड़ रुपये के दो विकास कार्यों को मिली स्वीकृति

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप जशपुर जिले के कुनकुरी नगर…

1 of 473