एक कलयुगी मां द्वारा अपने ही मृत नवजात शिशु को प्लास्टिक की थैली में पैक करके कचरे के ढेर में फेंकने का एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. गुजरात के सूरत में इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ जब सीसीटीवी फुटेज में आवारा कुत्तों को कचरे के ढेर से उस थैली को खींचकर लाते हुए देखा गया था. सूरत की चौक बाजार थाना पुलिस ने जांच पड़ताल कर मां को गिरफ्तार किया है.
‘दो जवान बच्चे हैं, समाज में बदनामी का डर’
पुलिस पूछताछ में मां ने कबूल किया है कि उसके पहले से ही दो जवान बच्चे हैं, इसलिए समाज में बदनामी के डर से उसने यह खौफनाक कदम उठाया था. कचरे के ढेर में एक प्लास्टिक की थैली से मृत हालत में नवजात शिशु मिलने के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चौक बाजार थाना पुलिस ने उसकी मां को ढूंढ निकाला है. गिरफ्तार आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि वह पहले से ही दो वयस्क बच्चे होने के बावजूद वह दोबारा गर्भवती हो गई थी. इसके बाद उसने बच्चे को अधूरे महीने (प्री-मैच्योर) में जन्म देकर फेंक दिया था.
सीसीटीवी में कैद हुए पहले फुटेज में नवजात को जन्म देने वाली मां हाथ में काले रंग की प्लास्टिक बैग में मृत शिशु को ले जाती हुई दिख रही है.जबकि दूसरे सीसीटीवी फुटेज में आवारा कुत्ते कचरे के ढेर से उस थैली को खींचकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. सीसीटीवी में कैद हुई तस्वीर 25 मई 2026 की रात करीब 1:00 बजे की है.
प्लास्टिक की थैली में फेंका नवजात को
चौक बाजार थाना क्षेत्र के कतारगाम अवधूतनगर सोसाइटी में सीताराम फ्लोर मिल के सामने, भक्तिनगर की ओर जाने वाली सड़क पर एक फटी हुई प्लास्टिक की थैली में लगभग एक दिन का नवजात बच्चा लावारिस और मृत हालत में मिला था.घटना की गंभीरता को देखते हुए चौकबाजार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जब पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण किया, तो एक चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई.
कचरे से उठा लाए कुत्ते तो खुली पोल
फुटेज में दिखा कि आवारा कुत्ते इस थैली को पास की ही अवधूतनगर सोसाइटी की वाड़ी के पास बने कचरे के ढेर से खींचकर सड़क पर लाए थे.जब पुलिस ने कचरे के ढेर के आसपास की सीसीटीवी फुटेज चेक की और बारीकी से जांच की, तो उन्हें एक संदिग्ध महिला दिखाई दी थी.वह महिला हाथ में प्लास्टिक की थैली लेकर शांतिनगर सोसाइटी से अवधूतनगर की तरफ आ रही थी. इस फुटेज के आधार पर पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ी और गहन जांच करते हुए आखिरकार बच्चे को जन्म देने वाली निर्दयी मां तक पहुंचने में सफलता हासिल की है.
महिला ने किया हैरान करने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में कलयुगी मां ने जो खुलासा किया, उसे सुनकर खुद पुलिसकर्मी भी दंग रह गई थी. महिला ने पुलिस को बताया कि वह पहले से ही दो जवान बच्चों की मां है. इस उम्र में पति के माध्यम से वह दोबारा गर्भवती हो गई थी, जिसके कारण उसे समाज में भारी बदनामी और लोक-लाज का डर सता रहा था. इसी डर के चलते, जब घर में कोई मौजूद नहीं था, उसने समय से पहले (अधूरे महीने में) बच्चे को जन्म दिया था.
इस सच को छुपाने के लिए उसने नवजात शिशु को प्लास्टिक की थैली में पैक किया और ले जाकर कचरे के ढेर में फेंक दिया था. इस पूरे मामले में चौकबाजार पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 94 और 91 के तहत अपराध दर्ज किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया है. पकड़ी गई महिला का नाम हेमलताबेन विरेंद्रसिंह बारिया है जिसकी उम्र 43 वर्ष है और वह घरेलू काम काम करती है.










