Trendingदेशबड़ी खबर

‘हिंदुओं को राशन नहीं दूंगा…’, बरेली में कोटेदार के बेटे पर FIR

Bareilly Crime News: बरेली जिले के भुता थाना क्षेत्र अंतर्गत केसरपुर गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही हड़कंप मच गया है. वीडियो में सरकारी राशन दुकान चलाने वाले कोटेदार के 19 वर्षीय बेटे आदिल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और हिंदू ग्रामीणों को राशन देने से साफ मना करने के गंभीर आरोप लगे हैं. मामला तूल पकड़ते ही पुलिस और खाद्य विभाग तुरंत एक्शन मोड में आ गया है.

गांव के रहने वाले भगवत शरण बुधवार को सरकारी राशन लेने के लिए दुकान पर पहुंचे थे. जब उन्होंने मशीन पर बायोमेट्रिक (अंगूठा) लगाने की बात कही, तो कोटेदार ने आनाकानी की. भगवत शरण ने इसकी शिकायत वहां मौजूद कोटेदार के बेटे आदिल से की, तो वह आपा खो बैठा. आरोप है कि आदिल ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की और कहा कि वह हिंदुओं का अंगूठा नहीं लगवाएगा और उन्हें राशन नहीं देगा. विरोध करने पर आदिल और उसके साथी नईम ने उपभोक्ता के साथ मारपीट भी की.

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी ग्रामीण ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गया. भुता थाना प्रभारी ने वायरल वीडियो की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच कराई. वीडियो के सत्यापन के बाद पुलिस ने बिना लिखित शिकायत का इंतजार किए खुद की ओर से मुकदमा दर्ज कर आरोपी आदिल को हिरासत में ले लिया. क्षेत्राधिकारी (सीओ) फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि वीडियो में कई बेहद आपत्तिजनक बातें सुनाई दे रही हैं. वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विवाद और पुलिस कार्रवाई की जानकारी मिलते ही खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम भी केसरपुर गांव पहुंची. अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से सरकारी राशन की दुकान को सील कर दिया और वहां मौजूद सरकारी खाद्यान्न को अपने कब्जे में ले लिया. जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि पात्र उपभोक्ताओं का हक मारने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा.

Related Posts

ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास: विधानसभा से पास हुआ विधेयक; 15 लाख MSMEs को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ उद्योग और निवेश के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करने की दिशा…

1 of 426