बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले में स्कूली छात्रों द्वारा वाहनों में खतरनाक स्टंट करने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। फेयरवेल पार्टी के नाम पर छात्र न केवल यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं, बल्कि स्कूल परिसरों की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डाल रहे हैं। कसडोल थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी घटना सामने आई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ताजा मामला छेछर शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल का है। यहां विदाई समारोह के दौरान छात्र ट्रैक्टर और चारपहिया वाहन में खतरनाक स्टंट करते हुए सीधे स्कूल परिसर में प्रवेश कर गए। इस दौरान न तो किसी सुरक्षा व्यवस्था का पालन किया गया और न ही किसी संभावित हादसे की परवाह की गई।
प्राचार्य की मौजूदगी में भी नहीं रुके छात्र
हैरानी की बात यह रही कि जिस समय यह पूरा घटनाक्रम हुआ, उस दौरान स्कूल के प्राचार्य भी परिसर में मौजूद थे। इसके बावजूद छात्र बेखौफ होकर स्टंट करते रहे। न छात्रों में पुलिस का डर नजर आया और न ही स्कूल प्रशासन का। इससे पहले कटगी और कसडोल क्षेत्र से भी इसी तरह के वीडियो सामने आ चुके हैं, लेकिन लगातार घटनाओं के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई होती नहीं दिख रही।
पालकों और प्रशासन की भूमिका पर सवाल
इन घटनाओं ने पालकों की जिम्मेदारी और स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों द्वारा इस तरह की लापरवाही न केवल उनकी खुद की जान के लिए खतरा है, बल्कि अन्य छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को भी जोखिम में डाल रही है।
कार्रवाई का इंतजार
लगातार वायरल हो रहे वीडियो यह सोचने पर मजबूर कर रहे हैं कि आखिर स्कूलों में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन निभा रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में क्या सख्त कदम उठाता है, या फिर ऐसी घटनाएं यूं ही दोहराती रहेंगी।









