रायपुर। कबीर नगर थाना क्षेत्र के हीरापुर सतनामी पारा में ढाई साल के मासूम की मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। 2 साल 7 महीने के प्रशांत सेन ने मंगलवार को इलाज के दौरान एम्स रायपुर में दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि बच्चे की मौत प्राकृतिक नहीं, बल्कि गंभीर मारपीट से हुई है। रिपोर्ट में बच्चे के शरीर पर गहरी चोटें, अंदरूनी घाव और 30 से अधिक फ्रैक्चर पाए गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे को पिछले करीब 15 दिनों से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि सौतेले पिता आसिब खान (24) बच्चे को अपने रास्ते का रोड़ा मानकर उसे बेरहमी से पीटता था। हैरान करने वाली बात यह है कि बच्चे की मां रेशमी ताम्रकार भी इस यातना से वाकिफ थी, लेकिन उसने यह बात किसी को बताई नहीं।
कबीर नगर पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बच्चे को मारने-पीटने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने पड़ोसियों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर इसे हत्या का मामला मानते हुए दोनों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। पड़ोसियों का कहना है कि बच्चा अक्सर घायल दिखाई देता था, लेकिन मां हमेशा बहाना बनाकर बात को टाल देती थी। लोगों का सवाल है कि अगर किसी ने पहले ही आवाज उठाई होती, तो शायद एक मासूम की जान बच सकती थी।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि मां ने अत्याचार को क्यों छिपाया और क्या बच्चे के साथ पहले भी ऐसी घटनाएं हुई थीं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।










