सांस्कृतिक एवं धार्मिक ब्यूरो, रायपुर
रायपुर। श्रीगोवर्द्धनमठ पुरीपीठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती महाराज आगामी 21 से 25 जुलाई तक राजधानी रायपुर के पांच दिवसीय पावन प्रवास पर रहेंगे। शंकराचार्य महाराज का यह प्रवास देशव्यापी ‘हिंदू राष्ट्र अभियान’ के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर छत्तीसगढ़ के धर्मप्रेमी नागरिकों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है।
यह गरिमामय धार्मिक आयोजन बिलासपुर रोड, रावाँभाठा स्थित श्री सुदर्शन संस्थानम् (शंकराचार्य आश्रम एवं प्रांतीय कार्यालय – पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी, आनंद वाहिनी) में संपन्न होगा।
धर्म, संस्कृति और ‘हिंदू राष्ट्र’ पर होगा विशेष उद्बोधन
पांच दिनों के इस प्रवास के दौरान पूज्य जगद्गुरु शंकराचार्य महाराज सनातन धर्म, राष्ट्र निर्माण, समृद्ध भारतीय संस्कृति, गोसंरक्षण और ‘हिंदू राष्ट्र’ जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे। इस दौरान विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और संगठनात्मक सत्रों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
तैयारियां युद्धस्तर पर, समिति ने की सपरिवार आने की अपील
आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पीठ परिषद, आदित्य वाहिनी और आनंद वाहिनी की केंद्रीय व प्रांतीय इकाइयां दिन-रात जुटी हुई हैं। आनंद वाहिनी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा तिवारी, पीठ परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत तिवारी और आदित्य वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष आशीष दुबे ने बताया कि व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन और श्रवण में कोई असुविधा न हो।
आयोजन समिति ने संपूर्ण छत्तीसगढ़ के प्रबुद्ध नागरिकों, मातृशक्ति और युवाओं से अपील की है कि वे सपरिवार इस आयोजन में सम्मिलित होकर जगद्गुरु शंकराचार्य जी के दर्शन, दिव्य आशीर्वाद और उनके ओजस्वी विचारों का लाभ उठाएं।
ये पदाधिकारी संभाल रहे हैं कमान
इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में अवधेश नंदन श्रीवास्तव, ठाकुर सत्येंद्र प्रताप सिंह परमार, उत्तम शर्मा, संजय सिंह, शिव गोविंद सिंह और मारुति शर्मा सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और स्वयंसेवक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।










