Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: रेलवे ट्रैक के पास मिला अधेड़ भालू का शव; ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका

कोटा/बेलगहना। बिलासपुर जिले के बेलगहना वन विकास क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डांडबछाली इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे ट्रैक के किनारे एक अधेड़ उम्र के भालू का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही वन विकास निगम और वन विभाग की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि भालू की मौत किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने के कारण हुई है।

सुख नइया नाले में पड़ा मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार, डांडबछाली के पास रेलवे लाइन के खंभा नंबर 779/2 के नजदीक स्थित ‘सुख नइया नाला’ में स्थानीय ग्रामीणों ने एक भालू को मृत अवस्था में देखा। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।

टक्कर के बाद नाले में जा गिरा भालू

वन अधिकारियों के मुताबिक, कयास लगाए जा रहे हैं कि भालू पटरी पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भालू उछलकर सीधे पास के नाले में जा गिरा और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि, मौत की वास्तविक वजहों और समय का सटीक पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

वन्यजीवों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के पशु चिकित्सकों की टीम भी मौके पर भेजी गई है। डॉक्टरों की निगरानी में भालू के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

चिंता का विषय: इस दुखद घटना ने एक बार फिर रेल पटरियों के आसपास से गुजरने वाले वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घने जंगलों के बीच से गुजरने वाले इस रेलवे ट्रैक पर जंगली जानवरों के सुरक्षित आवागमन के लिए ठोस इंतजाम न होने से लगातार ऐसे हादसे सामने आ रहे हैं।

Related Posts

1 of 413