Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

महादेव सट्टेबाजी ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ओमान में गिरफ्तार, भारत प्रत्यर्पण की तैयारी तेज

रायपुर: 5,000 करोड़ रुपए के कथित महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप घोटाले के मुख्य संचालक और मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रॉयल ओमान पुलिस ने उसे भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा जारी इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया है।

बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट का इस्तेमाल कर ओमान में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। इमिग्रेशन जांच के दौरान फर्जी दस्तावेजों की पहचान होने पर उसे हिरासत में ले लिया गया। गिरफ्तारी के बाद चंद्राकर को ओमान की राजधानी मस्कट स्थित बेहद सुरक्षित ‘अल खौद डिटेंशन सेंटर’ में रखा गया है। छत्तीसगढ़ के भिलाई का रहने वाला सौरभ चंद्राकर साल 2019 से फरार चल रहा था। वह पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में छिपकर रह रहा था और वहीं से अपना नेटवर्क चला रहा था।

भारत लाने की प्रक्रिया शुरू

प्रवर्तन निदेशालय (ED) और अन्य भारतीय जांच एजेंसियां पिछले काफी समय से सौरभ चंद्राकर की तलाश कर रही थीं। इस गिरफ्तारी के बाद अब भारत सरकार उसे प्रत्यर्पण (Extradition) प्रक्रिया के तहत वापस देश लाने की कानूनी तैयारियों में जुट गई है। इसके लिए ओमान सरकार के साथ औपचारिक संवाद और कानूनी कागजी कार्रवाई शुरू की जा रही है।

यदि ओमान सरकार से प्रत्यर्पण की मंजूरी मिल जाती है, तो चंद्राकर को भारत लाकर महादेव ऐप, उसके अवैध वित्तीय लेनदेन और इसमें शामिल अन्य रसूखदारों के बारे में कड़ी पूछताछ की जाएगी।

नोट: हालांकि मीडिया जगत में इस गिरफ्तारी को लेकर पुख्ता दावे किए जा रहे हैं, लेकिन भारतीय जांच एजेंसियों या विदेश मंत्रालय की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान (Official Statement) जारी नहीं किया गया है।

Related Posts

1 of 413