कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया है. पुलिस ने उन्हें जंतर-मंतर से संसद की तरफ जाने से रोक दिया है. तमाम रोक के बावजूद प्रदर्शनकारी संसद भवन की तरफ बढ़ रहे थे, तभी पुलिस ने उनको खदेड़ा और उन पर लाठीचार्ज किया. भीड़ को काबू करने के लिए RPF कर्मियों और पुलिस ने लाठियों का इस्तेमाल किया.
दरअसल, संसद के मानसून सत्र और CJP के संसद मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी. नयी दिल्ली में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई थी. CJP के प्रोटेस्ट में शामिल होने कई दलों के नेता पहुंचे थे.
आम आदमी पार्टी के मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, आजाद समाज पार्टी के चीफ और यूपी के नगीना से सांसद चंद्रशेखर भी पहुंचे थे. इसके अलावा एक्टर प्रकाश राज, सोनम वांगचुक की पत्नि गीताजंलि भी पहुंची थीं. CJP ने 20 जुलाई को संसद तक मार्च करने का प्रस्ताव रखा था.
युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है- चंद्रशेखर आजाद
आजाद समाज पार्टी कांशी राम के प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार अपना ‘धर्म’ निभा रही है, पुलिस अपना ‘धर्म’ निभा रही है और मैं इस मिट्टी के प्रति अपना फर्ज निभाने के लिए इस संघर्ष का हिस्सा बना हूं. एक भारतीय युवा होने के नाते, मैं युवाओं का दर्द समझता हूं. मैं उनकी आवाज बनने और उनके साथ खड़े होने के लिए यहां आया हूं. उनके साथ अन्याय हो रहा है. सरकार ऐसा होने दे रही है.










