Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

महासमुंद हादसा: खल्लारी मंदिर रोपवे टूटा, दूसरे श्रद्धालु ने भी तोड़ा दम

महासमुंद। खल्लारी माता मंदिर परिसर में 22 मार्च को हुए दर्दनाक रोपवे हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। गंभीर रूप से घायल गोविंद स्वामी ने मंगलवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। वे शहर के एक प्रतिष्ठित परिवार से थे, जिसकी पुष्टि परिवार के सदस्य पृथ्वीराज स्वामी ने की।

बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में संचालित रोपवे का केबल अचानक टूट जाने से यह हादसा हुआ था। घटना के दौरान 28 वर्षीय आयुषी साठकर, निवासी रायपुर, की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 16 अन्य श्रद्धालु घायल हो गए थे।

हादसे के तुरंत बाद घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया। गोविंद स्वामी की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता प्रदान करेगी।

जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने घटना की जांच के निर्देश देते हुए कहा है कि लापरवाही बरतने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच जारी है।

यह हादसा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जिस पर प्रशासन को सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है।

Related Posts

1 of 237