सूरजपुर जिले के पर्री स्थित बंद पड़े राइस मिल के गोदाम में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा गोदाम धुएं और आग की लपटों से घिर गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले 3 से 4 महीनों के भीतर इसी गोदाम में आग लगने की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और गोदाम में रखी सामग्री को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोदाम में किस सामग्री में आग लगी थी और आग से कितना नुकसान हुआ है।
घटना पर्री स्थित बंद राइस मिल के गोदाम की बताई जा रही है, जो कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।









