रायपुर / बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा चौथी रेल लाइन और ऑटो सिग्नलिंग से जुड़े अधोसंरचना कार्यों के चलते एक बार फिर बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होने जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने 7 जून से अगले 12 दिनों तक एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर सहित करीब 72 ट्रेनों को रद्द, परिवर्तित और विलंब से चलाने का आदेश जारी किया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिलासपुर-झारसुगुड़ा रेल सेक्शन के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन परियोजना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। यह परियोजना उत्तर और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगी। बिलासपुर से झारसुगुड़ा तक 206 किलोमीटर लंबी चौथी लाइन का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें 180 किलोमीटर से अधिक कार्य पूरा हो चुका है।
अब चांपा स्टेशन में चौथी लाइन को जोड़ने का कार्य 7 जून से 19 जून तक विभिन्न तिथियों में किया जाएगा। इसके चलते हावड़ा-मुंबई और बिलासपुर-रायगढ़ रूट की कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
यात्रियों को होगी भारी परेशानी
रेलवे द्वारा कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का फैसला लिया गया है। इनमें हावड़ा-पुणे दूरंतो, पुणे-हावड़ा दूरंतो, हावड़ा-सीएसएमटी दूरंतो, ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस और एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें रायपुर, टिटलागढ़ और झारसुगुड़ा होकर संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को बिलासपुर, रायगढ़ और झारसुगुड़ा तक सीधी यात्रा सुविधा नहीं मिल सकेगी।
कई ट्रेनें बीच रास्ते में ही रहेंगी समाप्त
रेलवे प्रशासन ने कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने का भी निर्णय लिया है। इसमें गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं, जिन्हें कुछ स्टेशनों तक ही संचालित किया जाएगा।
विलंब से चलेंगी कई प्रमुख ट्रेनें
11 से 15 जून के बीच आजाद हिंद एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हावड़ा एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, हसदेव एक्सप्रेस और शिवनाथ एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें 1.30 घंटे से 3 घंटे तक की देरी से रवाना होंगी।
प्रभावित होने वाली प्रमुख ट्रेनें
- टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस
- बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस
- साउथ बिहार एक्सप्रेस
- अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस
- हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस
- हटिया-पुणे एक्सप्रेस
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है, ताकि असुविधा से बचा जा सके।









