Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक जल्द, एक-दो दिन में प्रवेश के आसार; कई जिलों में बारिश, वज्रपात की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की दस्तक अब बेहद करीब है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। शुक्रवार को मानसून उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बिहार तथा ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है। फिलहाल इसके आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

बीते दिनों हुई रुक-रुककर बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर भी देखने को मिला है। गुरुवार को राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं राजनांदगांव 42 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा।

मौसम विभाग के अनुसार बरमकेला और नारायणपुर में 4 सेंटीमीटर, नगरी, सरोना, पौड़ी उपरोरा, सररया, बड़ेराजपुर और छोटेडोंगर में 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा हरदीबाजार, सरायपाली, धसमगा, कुनकुरी, बेलरगांव, कोंडागांव, चारामा, नवागढ़, केशकाल और राजपुर सहित कई क्षेत्रों में 2 सेंटीमीटर तक वर्षा हुई, जबकि अन्य स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक मौसमी द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल तक उत्तर राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश, उत्तर छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए समुद्र तल पर सक्रिय है। वहीं दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है।

मौसम विभाग ने 13 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने तथा कुछ स्थानों पर तेज अंधड़ और वज्रपात की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।

Related Posts

केंद्रीय जेल के आसपास 100 मीटर क्षेत्र रेड जोन घोषित, ड्रोन उड़ाने और हवाई फोटोग्राफी पर प्रतिबंध

अंबिकापुर। केंद्रीय जेल अंबिकापुर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के…

1 of 373