Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

RDA की संपत्तियों की बुकिंग अब पूरी तरह ऑनलाइन; घर बैठे बुक होंगे कमल विहार और रावभाटा के प्लॉट-फ्लैट, 121 संपत्तियां लाइव

रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए अपनी सभी आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया है। अब राजधानी के नागरिकों को आरडीए के दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। लोग घर बैठे ही प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर संपत्तियों की लोकेशन, साइज और कीमत देखकर सीधे आवेदन व बुकिंग कर सकेंगे।

प्राधिकरण ने लंबे समय से बंद पड़ी बुकिंग प्रक्रिया को दोबारा शुरू करते हुए अपनी विभिन्न योजनाओं की करीब 121 संपत्तियों को ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव कर दिया है।

कमल विहार और रावभाटा की संपत्तियां शामिल

आरडीए से मिली जानकारी के अनुसार, इस ऑनलाइन सेल में शहर की दो प्रमुख योजनाओं की संपत्तियों को शामिल किया गया है:

  • कमल विहार: यहाँ आवासीय फ्लैट्स, रेसिडेंशियल प्लॉट (भूखंड) और कमर्शियल प्लॉट बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। इसमें कमजोर (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के लोगों के लिए भी किफायती आवास शामिल किए गए हैं।
  • रावभाटा: इस क्षेत्र में मुख्य रूप से व्यावसायिक संपत्तियों (कमर्शियल प्रॉपर्टीज) की बुकिंग की जा सकेगी।

मेंटेनेंस चार्ज भी अब ऑनलाइन, मिलेगी दफ्तर से मुक्ति

नई व्यवस्था के तहत न केवल बुकिंग, बल्कि संपत्तियों के मेंटेनेंस चार्ज (रखरखाव शुल्क) का भुगतान भी पूरी तरह डिजिटल कर दिया गया है। इससे आवंटियों को समय पर और बिना किसी परेशानी के त्वरित सेवाएं मिल सकेंगी।

“पारदर्शिता और समय की बचत हमारा मुख्य उद्देश्य है” — नंदे साहू (अध्यक्ष, RDA)

आरडीए अध्यक्ष नंदे साहू ने इस पहल पर कहा कि प्राधिकरण का उद्देश्य नागरिकों को आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी सेवाएं देना है। ऑनलाइन सिस्टम से बिचौलियों का खेल खत्म होगा, समय की बचत होगी और आवंटन प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता आएगी।

“लंबे समय बाद शुरू हुई बुकिंग, प्रक्रिया हुई सरल” — अवनीश कुमार शरण (CEO, RDA)

मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से आरडीए की संपत्तियों की बुकिंग बंद पड़ी थी। अब सभी उपलब्ध 121 संपत्तियों को एक साथ पोर्टल पर लाइव कर दिया गया है ताकि जनता को त्वरित और सुलभ सेवा मिल सके।

Related Posts

1 of 413