कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलवाद को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि राज्य में इसके खिलाफ चल रही निर्णायक लड़ाई अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की रणनीति और लगातार सुरक्षा अभियानों के चलते 31 मार्च 2026 तक पूरे छत्तीसगढ़ से सशस्त्र नक्सलवाद समाप्त कर दिया जाएगा।
“अंतिम कील साबित होगा अगला कदम”
डिप्टी सीएम शर्मा ने संकेत दिए कि जल्द ही एक ऐसा अहम कदम सामने लाया जाएगा, जो नक्सलवाद के ताबूत में अंतिम कील साबित हो सकता है। उनके बयान के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि एक-दो बड़े नक्सली कमांडर आत्मसमर्पण कर सकते हैं, जिससे अभियान को बड़ा मोड़ मिल सकता है।
एकदिवसीय दौरे पर कवर्धा पहुंचे
सोमवार को कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने कई विकास कार्यों की सौगात भी दी। उन्होंने ग्राम बद्दो में करीब 11.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सकरी फीडर नहर विस्तार कार्य का भूमिपूजन किया, जिससे छह गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
नगर पंचायत बोड़ला में विकास कार्य
बोड़ला नगर पंचायत में लगभग 5 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा झीरपान जलाशय से पेयजल आपूर्ति के लिए पाइपलाइन और पानी टंकी का लोकार्पण भी किया गया।
सरस मेला का उद्घाटन और महिला सशक्तिकरण
डिप्टी सीएम ने कवर्धा के सरदार पटेल मैदान में आयोजित सरस मेला का उद्घाटन किया। इस दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 10 महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये के अनुदान से टाटा मैजिक वाहन वितरित किए गए, जिससे उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ावा मिलेगा।









