दुर्ग: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या की वजह ‘शक’ बताई जा रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीया यूनेश्वरी वर्मा (निवासी खैरागढ़) और 27 वर्षीय कार्तिक राम साहू (निवासी बालोद) दुर्ग के बीएम कॉलेज में बी.एड (B.Ed) की पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर प्यार हो गया। यूनेश्वरी पुलगांव में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रही थी, जबकि कार्तिक सुभाष नगर में रहता था।
शक ने ली जान
कार्तिक अपनी प्रेमिका यूनेश्वरी पर अक्सर शक करता था कि उसका किसी और के साथ भी अफेयर चल रहा है। इसी बात को लेकर शुक्रवार (17 अप्रैल) दोपहर करीब 1 बजे जब दोनों कार्तिक के कमरे पर मिले, तो उनके बीच विवाद शुरू हो गया। गुस्सा इतना बढ़ गया कि कार्तिक ने आपा खो दिया और यूनेश्वरी का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
हत्या करने के बाद आरोपी ने शातिर दिमाग लगाया और डायल 112 को फोन कर कहा— “साहब, मेरी गर्लफ्रेंड बेहोश हो गई है, उठ नहीं रही।” मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तुरंत युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर कार्तिक टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई
पद्मनाभपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं। आज मृतका का पोस्टमार्टम किया जाएगा।









