छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा से लगे जलेश्वर और अमरकंटक क्षेत्र में एक बाघिन अपने शावक के साथ जंगल में विचरण करते हुए पर्यटकों के कैमरे में कैद हो गई। यह दुर्लभ दृश्य देखने के बाद पर्यटक बेहद रोमांचित हो गए और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, जलेश्वर से अमरकंटक के बीच वन क्षेत्र में कार से घूम रहे पर्यटकों ने सुरक्षित दूरी से बाघिन और उसके शावक को देखा। उन्होंने कार के भीतर से ही मोबाइल कैमरे से इस शानदार नज़ारे को रिकॉर्ड किया। वीडियो में बाघिन अपने शावक के साथ शांतिपूर्वक जंगल में घूमती नजर आ रही है। यह दृश्य 5 फरवरी की रात का बताया जा रहा है।
जलेश्वर-अमरकंटक का यह इलाका अचानकमार वन अभयारण्य और बांधवगढ़ अभयारण्य से जुड़ा होने के कारण बाघों की मौजूदगी का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि यह क्षेत्र वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास के रूप में लगातार समृद्ध हो रहा है। वहीं प्रशासन ने पर्यटकों और वन्यजीवों की सुरक्षा को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी है।










