मैनपुर। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां टूटकर लटक रहे हाई वोल्टेज बिजली तार की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जंगल से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यशवंत ध्रुव (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दसपुर गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह जंगल से तेंदूपत्ता लेकर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान दसपुर बांध के पास खंभे से टूटकर लटक रहे 11 केवी बिजली तार में उसकी गर्दन फंस गई।
करंट से उठीं आग की लपटें
हाई वोल्टेज तार की चपेट में आते ही तेज करंट प्रवाहित हुआ और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। युवक को संभलने या बचने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि मौके पर पंचनामा कार्रवाई की गई है तथा शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
लापरवाही की जांच होगी
पुलिस के मुताबिक, हादसा किसकी लापरवाही से हुआ और टूटे बिजली तार को समय पर क्यों नहीं हटाया गया, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।








