अंबिकापुर (सरगुजा)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक आदिवासी छात्रा को शादी का झांसा देकर एक मुस्लिम युवक पिछले चार सालों से उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस दौरान जब युवती गर्भवती हो गई, तो युवक ने अपनी बहन के साथ मिलकर झांसे में लिया और उसका जबरन गर्भपात (एबॉर्शन) करा दिया। बाद में आरोपी ने युवती को ‘दूसरे धर्म’ की बताकर शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साल 2022 से 2026 तक किया दैहिक शोषण, लिव-इन में भी रहे
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सरगुजा के एक ग्रामीण क्षेत्र की रहने वाली आदिवासी छात्रा साल 2021 में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए अंबिकापुर आई थी। यहाँ उसकी मुलाकात खैरबार निवासी एजाज अहमद नाम के युवक से हुई। एजाज ने लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर जुलाई 2022 से लेकर 2026 तक उसका लगातार दैहिक शोषण किया। इस दौरान पीड़िता करीब 7 महीने तक आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में भी रही।
बहन के साथ मिलकर कमरे में दी दवा, अस्पताल ले जाकर कराया एबॉर्शन
पीड़िता ने बताया कि अगस्त 2025 में वह गर्भवती (प्रेग्नेंट) हो गई थी। जब उसने यह बात एजाज को बताई, तो आरोपी अपनी बहन फरहा सबा के साथ उसके कमरे पर पहुंचा और जबरदस्ती गर्भपात की दवा खिलाने लगा। जब युवती ने इसका विरोध किया, तो आरोपी की बहन फरहा सबा ने उसे झूठा दिलासा दिया कि वह अपने परिवार को मनाकर दोनों की शादी करा देगी। उसकी बातों में आकर युवती तैयार हो गई, जिसके बाद आरोपी युवक और उसकी बहन उसे सूरजपुर जिला अस्पताल ले गए और वहाँ उसका एबॉर्शन करा दिया।
दूसरे धर्म का हवाला देकर पलटा आरोपी
एबॉर्शन के बाद जब पीड़िता ने एजाज पर शादी करने का दबाव बनाया, तो वह विवाद करने लगा। आरोपी ने युवती को दूसरे धर्म की होने का हवाला देकर शादी करने से साफ मना कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि शादी से इनकार करने के बाद भी एजाज कई बार शराब के नशे में धुत होकर उसके कमरे में आ जाता है और उसके साथ जोर-जबरदस्ती करने की कोशिश करता है।
बीएनएस (BNS) की नई धाराओं के तहत मामला दर्ज
लगातार मिल रही प्रताड़ना और धोखे से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने गांधीनगर थाने में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी एजाज अहमद और उसकी बहन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 (शादी का झांसा देकर यौन शोषण करना) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश व मामले की आगे की वैधानिक जांच में जुट गई है।










