Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में बेखौफ अपराधी: रायपुर में ज्वेलरी मैनेजर से 1 करोड़ की लूट, भिलाई में सूने मकान से 50 लाख पार

रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ के दो बड़े शहरों में बीते 24 घंटों के भीतर अपराधियों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। राजधानी रायपुर के नजदीक खरोरा में जहां एक ज्वेलरी मैनेजर पर जानलेवा हमला कर 1 करोड़ की लूट की गई, वहीं भिलाई के नेहरू नगर में एक पॉश कॉलोनी से 50 लाख रुपये के माल पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया।


वारदात 1: रायपुर (खरोरा) – तलवार से हमला कर 1 करोड़ की लूट

रायपुर के खरोरा इलाके में मंगलवार देर शाम फिल्मी अंदाज में लूट की घटना हुई। ज्वेलरी शॉप ‘विनीत सोनी’ के मैनेजर तिल्दाडीह ब्रांच से दुकान बंद कर करोड़ों के जेवरात लेकर खरोरा लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार 2 से 3 नकाबपोश बदमाशों ने मैनेजर को घेरा और उन पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाश मैनेजर के पास मौजूद बैग लेकर फरार हो गए, जिसमें करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात थे।घायल मैनेजर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके की नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।


वारदात 2: भिलाई (नेहरू नगर) – शादी में गया था परिवार, पीछे से ‘सफाई’

वहीं, दुर्ग-भिलाई के सबसे पॉश इलाकों में शुमार नेहरू नगर पश्चिम में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना हुई। विनय कुमार अग्रवाल का परिवार अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने अम्रपाली सोसायटी गया हुआ था। चोरों ने घर का ताला तोड़कर डेढ़ लाख रुपये नगद और करीब 45 से 50 लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए। घर में और आसपास सीसीटीवी (CCTV) कैमरे नहीं होने के कारण पुलिस को आरोपियों का सुराग लगाने में मुश्किल हो रही है। एसएसपी विजय अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने भी मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।


दहशत में आम जनता

एक ही दिन में प्रदेश के दो प्रमुख जिलों में हुई इन बड़ी वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजधानी के सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि करोड़ों की लूट करने वाले बदमाशों को जल्द से जल्द दबोचा जा सके।

Related Posts

1 of 311