Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालक फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से 11 अपचारी बालकों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार हुए सभी बालक विभिन्न गंभीर अपराधों के मामलों में यहां रखे गए थे। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है।

बारिश और अंधेरे का उठाया फायदा

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:30 बजे तेज गरज-चमक और मूसलाधार बारिश के दौरान बिजली गुल हो गई थी। इसी मौके का फायदा उठाते हुए बालकों ने बैरक की खिड़की तोड़कर उसे बाहर निकाल दिया और संप्रेक्षण गृह की पिछली ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना के समय मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी।

भोजन के बाद दिया घटना को अंजाम

बाल संरक्षण गृह के हाउस फादर मनीष कुशवाहा ने बताया कि शाम को भोजन के बाद सभी बच्चे अपने-अपने कमरों में चले गए थे। कुछ बच्चे टीवी देख रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब हुआ और बिजली चली गई। अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ बालकों ने खिड़की उखाड़ दी और 11 बच्चे मौके से फरार हो गए।

गंभीर मामलों में बंद थे बालक

फरार हुए बालक सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं। वे चोरी, दुष्कर्म और हत्या जैसे गंभीर मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह में रखे गए थे। इनमें कुछ बच्चे हाल ही में लाए गए थे, जबकि कुछ लंबे समय से यहां रह रहे थे।

आदतन अपराधी के बहकावे की आशंका

हाउस फादर के मुताबिक फरार बालकों में अंबिकापुर का एक आदतन अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार संप्रेक्षण गृह में रह चुका है। आशंका जताई जा रही है कि उसी के बहकावे में आकर अन्य बालकों ने फरारी की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने की नाकाबंदी, तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर दी गई है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित ठिकानों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही फरार बालकों के परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है।

पुलिस और संप्रेक्षण गृह प्रबंधन का दावा है कि जल्द ही सभी फरार बालकों को पकड़ लिया जाएगा। वहीं इस घटना ने बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Posts

CG NEWS- विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

बिलासपुर। बिलासपुर जिले के दयालबंद इलाके में एक विवाहिता महिला की संदिग्ध…

CG NEWS- शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे को दुल्हन ने लौटाया बैरंग, प्रशासन ने मुस्कान को बनाया जिले का ‘यूथ आइकॉन’

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम कोसमंदा की बेटी मुस्कान प्रधान ने सामाजिक रूढ़ियों…

CG NEWS- शिक्षिका ने की खुदकुशी, दीवार पर सुसाइड नोट चिपकाकर प्रेमी को ठहराया जिम्मेदार; आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने…

1 of 394