Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में खुलेंगे 9 नए शासकीय नर्सिंग कॉलेज, 198 पदों पर होगी संविदा भर्ती

रायपुर, 23 जून। छत्तीसगढ़ सरकार स्वास्थ्य शिक्षा और मानव संसाधन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य में इस वर्ष 9 नए शासकीय नर्सिंग कॉलेज शुरू करने की तैयारी की गई है। इन संस्थानों में शिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए 198 पदों पर दो वर्ष के लिए संविदा नियुक्तियां की जाएंगी।

वर्तमान में प्रदेश में 8 शासकीय नर्सिंग कॉलेज संचालित हैं, जहां बीएससी नर्सिंग सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों की करीब 410 सीटें उपलब्ध हैं। नए कॉलेज शुरू होने के बाद सरकारी नर्सिंग सीटों की संख्या बढ़कर 800 से अधिक हो जाएगी, जिससे छात्रों को बड़ा लाभ मिलेगा।

इन जिलों में खुलेंगे नए नर्सिंग कॉलेज

चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तावित नए शासकीय नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना बलरामपुर, बैकुंठपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कुरूद-धमतरी, नवा रायपुर अटल नगर और पुसौर-रायगढ़ में की जाएगी। इन कॉलेजों के लिए शिक्षकों और अन्य शैक्षणिक स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

198 पदों पर संविदा भर्ती

विभाग द्वारा कुल 198 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें—

  • 9 पद प्राध्यापक (Professor)
  • 18 पद सह-प्राध्यापक (Associate Professor)
  • 27 पद सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor)
  • 144 पद प्रदर्शक (Tutor/Demonstrator)

शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को प्रारंभिक रूप से दो वर्ष के लिए संविदा नियुक्ति दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सेवा अवधि बढ़ाने का अधिकार विभागाध्यक्ष को होगा।

नर्सिंग छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा

नए कॉलेजों के शुरू होने के बाद राज्य में शासकीय नर्सिंग कॉलेजों की संख्या बढ़कर 17 हो जाएगी। इसका सीधा लाभ नर्सिंग शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। प्रदेश में बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रम की मांग लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकारी सीटों की संख्या सीमित है।

वर्तमान में निजी नर्सिंग कॉलेजों की लगभग 7 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा रहती है और छात्रों को अपेक्षाकृत अधिक शुल्क भी देना पड़ता है। नए सरकारी कॉलेज खुलने से विद्यार्थियों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी, विशेषकर दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों के छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।

29 जून तक आवेदन, 21 जुलाई को चयन सूची

संविदा भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 जून से शुरू हो चुकी है, जो 29 जून तक चलेगी। विभागीय कार्यक्रम के अनुसार—

  • 3 जुलाई को अंतरिम प्रावीण्य सूची जारी होगी।
  • 6 जुलाई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की जाएगी।
  • अंतिम मेरिट सूची जारी होने के बाद चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
  • 15 जुलाई तक शासकीय मेडिकल कॉलेज रायपुर में दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।
  • 21 जुलाई को चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

सरकार का मानना है कि नए नर्सिंग कॉलेजों की स्थापना से प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार के साथ-साथ भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी।

Related Posts

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 13 डॉक्टरों को अतिरिक्त स्टडी लीव देने से इनकार, याचिकाएं खारिज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने पीजी की पढ़ाई के लिए पहले ही दो साल की स्टडी लीव…

छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर कलाकार को मिला कॉपीराइट, तीन साल की जद्दोजहद के बाद हासिल हुआ अधिकार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव का प्रतीक बन चुकी ‘छत्तीसगढ़ महतारी’ की…

1 of 477