जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत केराडीह गांव में गुपचुप (पानी पूरी) खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। इस घटना में दर्जनों लोग बीमार पड़ गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाजार में गुपचुप खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल को केराडीह गांव के साप्ताहिक बाजार में लोगों ने गुपचुप खाया था। इसके कुछ ही समय बाद कई लोगों को उल्टी, दस्त और बुखार की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर मरीजों को तुरंत कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ अन्य का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप
बीएमओ कुनकुरी डॉ. के. कुजूर ने बताया कि 10 अप्रैल को मितानिन के माध्यम से मरीजों की सूचना मिली। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत केराडीह के डड़गांव में कैंप लगाकर प्रभावित लोगों की जांच की। गंभीर मरीजों को अस्पताल रेफर किया गया।
मरीजों की हालत में सुधार
डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति अब पहले से बेहतर है। हालांकि कमजोरी के चलते 8 मरीजों को अभी भी अस्पताल में निगरानी में रखा गया है।
खाद्य सुरक्षा पर जांच शुरू
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और क्षेत्र में खाद्य सामग्री की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि फूड पॉइजनिंग के कारणों का पता लगाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।










