सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है, जहां एक युवक को चोरी के आरोप में कथित तौर पर “तालीबानी सजा” दी गई। ग्रामीणों ने युवक का आधा सिर मुंडवाकर, गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई और मारपीट करते हुए पूरे गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, युवक की पत्नी को भी उसके साथ अपमानित करते हुए गांव में घुमाया गया।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी मोहम्मद रहमान ताज पर पस्ता गांव के ग्रामीणों ने सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी का आरोप लगाया। इस मामले में समझौते के लिए गांव के सरपंच पति और अन्य ग्रामीणों ने युवक को बुलाया। युवक अपनी पत्नी के साथ पस्ता गांव पहुंचा, जहां पहले से नाराज ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने युवक का आधा सिर मुंडवा दिया और उसके गले में जूते-चप्पलों की माला डाल दी। आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट करते हुए पूरे गांव में घुमाया गया।
पत्नी को भी किया गया अपमानित
घटना यहीं नहीं रुकी। युवक की पत्नी को भी जबरन उसके साथ गांव में घुमाया गया और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पीड़ित ने बताया झूठा आरोप
पीड़ित युवक अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उसे बिना किसी सबूत के इस तरह की सजा दी गई।
पुलिस का बयान
पुलिस के मुताबिक, युवक चोरी की नीयत से गांव में गया था और ग्रामीणों ने उसे देख लिया था, जिसके बाद वह भाग गया। अगले दिन वह अपने परिजनों के साथ गांव पहुंचा, जहां नाराज ग्रामीणों ने उसके साथ यह अमानवीय व्यवहार किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सरपंच पति की सफाई
इस मामले में सरपंच पति का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के आक्रोश के चलते यह घटना हुई और वे खुद केवल मौके पर खड़े होकर देख रहे थे, इसमें उनकी सीधी भूमिका नहीं थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है। घटना ने कानून-व्यवस्था और ग्रामीण न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










