Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिजली विभाग की बेरहमी: रायपुर में भीषण गर्मी के बीच बिना सूचना काटे जा रहे कनेक्शन, अंधेरे में कटे दिन-रात

रायपुर। राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि बिजली विभाग द्वारा बिना पूर्व सूचना दिए ही घरों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं, जिससे परिवारों को तेज गर्मी में घंटों और कई बार दिनों तक बिना बिजली के रहना पड़ रहा है।

शहर के पंचशील नगर क्षेत्र में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां महज दो महीने का बिल बकाया होने पर विद्युत कर्मियों ने सीधे कनेक्शन काट दिया। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।

बिना सूचना कट रही बिजली, बढ़ी परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि कनेक्शन काटने से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी जाती। कई मामलों में उपभोक्ताओं को तब पता चलता है जब वे खुद बिजली बंद होने की शिकायत दर्ज कराते हैं। इसके बाद ही उन्हें बकाया बिल की जानकारी मिलती है और फिर वे आनन-फानन में पैसे का इंतजाम कर भुगतान करने पहुंचते हैं।

सरकार की योजना और जमीनी हकीकत

प्रदेश सरकार ने बकाया बिल से परेशान उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना शुरू की है। इस योजना के तहत बीपीएल, अशासकीय घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं को बकाया राशि में छूट दी जा रही है।

लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इससे उलट नजर आ रही है। जहां एक ओर राहत की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी ओर छोटे बकाया पर भी बिना सूचना कनेक्शन काटे जा रहे हैं।

केस–1: 1500 रुपए के बिल पर काटा कनेक्शन

पंचशील नगर निवासी गजेंद्र नायक ने बताया कि उनके घर का करीब 1500 रुपए का दो महीने का बिल बकाया था, जिसे आर्थिक तंगी के कारण समय पर जमा नहीं कर पाए। सोमवार सुबह अचानक विद्युत कर्मियों ने उनका कनेक्शन काट दिया।

उन्होंने बताया कि परिवार के किसी भी सदस्य को इसकी पहले से कोई सूचना नहीं दी गई। कई घंटे तक बिजली नहीं आने पर जब शिकायत केंद्र में कॉल किया गया, तब जाकर कनेक्शन कटने की जानकारी मिली। पैसों का इंतजाम करने में समय लग गया और तब तक पूरा परिवार भीषण गर्मी से जूझता रहा।

केस–2: 1100 रुपए के बकाया पर दो दिन अंधेरे में

इसी इलाके की एक युवती ने बताया कि उनके घर का मीटर उनकी मां ललिता के नाम पर है। करीब 1100 रुपए का बिल बकाया था और अंतिम तिथि निकल चुकी थी।

शनिवार को बिना किसी सूचना के कनेक्शन काट दिया गया। परिवार के प्रमुख सदस्य बाहर गए हुए थे, जिससे समय पर बिल जमा नहीं हो सका। नतीजतन घर के बाकी सदस्यों को दो दिनों तक बिना बिजली के रहना पड़ा।

गर्मी में हालात हुए बदतर

भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली कटौती से लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है। पंखे, कूलर और पानी की सुविधा प्रभावित होने से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उठ रहे सवाल

  • क्या बिजली काटने से पहले उपभोक्ताओं को सूचना देना जरूरी नहीं?
  • क्या छोटी राशि के बकाया पर इतनी सख्ती उचित है?
  • राहत योजना का लाभ आखिर जमीनी स्तर पर क्यों नहीं दिख रहा?

उपभोक्ताओं की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बिजली विभाग कनेक्शन काटने से पहले कम से कम नोटिस जारी करे और गर्मी के मौसम में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कुछ राहत दे। फिलहाल, इस मुद्दे ने शहर में बिजली व्यवस्था और उपभोक्ता अधिकारों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Related Posts

CG NEWS: किसान की सालभर की मेहनत मिनटों में राख; पचपेड़ी में शॉर्ट सर्किट से डेढ़ एकड़ खड़ी फसल जलकर खाक

कुरुद/भखारा | छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। भखारा…

1 of 305