Trendingखेलछत्तीसगढ

रायपुर में IPL का रोमांच: आरसीबी ने 1 करोड़ खर्च कर बदला स्टेडियम का नजारा, लाल मिट्टी की पिच पर होगी ‘रनों की बारिश’

रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 मई को होने वाले आईपीएल के महामुकाबले के लिए तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच होने वाले इस मैच के लिए स्टेडियम को पूरी तरह से नया कलेवर दिया गया है। आरसीबी ने दर्शकों के अनुभव को प्रीमियम बनाने के लिए स्टेडियम के इंफ्रास्ट्रक्चर पर 1 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है।

रायपुर में लंबे समय बाद हो रहे आईपीएल के लिए आरसीबी ने स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया है। गोल्ड और सिल्वर स्टैंड से पुरानी सीटों को हटाकर आरामदायक कुर्सियां और सोफे लगाए गए हैं। रात में दर्शकों के मनोरंजन के लिए पूरे स्टेडियम में विशेष रंगीन लाइटें लगाई गई हैं, जो मैच के दौरान ‘लाइट शो’ का हिस्सा होंगी। चिलचिलाती धूप और गर्मी को देखते हुए स्टैंड्स में पानी के फव्वारे (मिस्ट फेंस) की व्यवस्था की गई है, ताकि दर्शक ठंडे वातावरण में मैच का आनंद ले सकें। इस बार पारंपरिक टिकट काउंटर की झंझट नहीं होगी। क्यूआर कोड स्कैन करके सीधे एंट्री मिलेगी, जिसके लिए हाई-स्पीड नेटवर्क की भी व्यवस्था की गई है।

पिच क्यूरेटर शमीम मिर्जा के अनुसार, मैच काफी हाई-स्कोरिंग होने वाला है। लाल मिट्टी से तैयार नई पिच पर गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आएगी, जिससे 200+ रन बनने की पूरी संभावना है। छक्कों की बौछार के लिए बाउंड्री का साइज 90 यार्ड से घटाकर 71-75 यार्ड कर दिया गया है।

यह मैच सिर्फ खेल नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति का प्रदर्शन भी होगा। स्टेडियम के 40 कॉर्पोरेट बॉक्स को छत्तीसगढ़ी लोक कला और परंपरा के रंग में रंगा जा रहा है। जब 120 से अधिक देशों में मैच का लाइव टेलीकास्ट होगा, तब दुनिया छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान से रूबरू होगी। साथ ही विराट कोहली और अन्य स्टार खिलाड़ियों की पेंटिंग्स भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

मैच की तैयारी के लिए टीमों का जमावड़ा शुरू हो रहा है। रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या की अगुवाई में मुंबई की टीम 6 मई की शाम रायपुर पहुंच जाएगी। टीम मैच से पहले लगातार तीन दिन प्रैक्टिस सेशन में पसीना बहाएगी। आरसीबी के सितारे 9 मई की सुबह रायपुर पहुंचेंगे और शाम को प्रैक्टिस करेंगे। केकेआर की टीम 11 मई को राजधानी पहुंचेगी।

स्टेडियम की दर्शक क्षमता 60 हजार रखी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर बिना आधिकारिक आईडी कार्ड के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा मैदान का ड्रेनेज सिस्टम और मरम्मत कार्य भी पूरा कर लिया गया है ताकि खेल में कोई बाधा न आए।

Related Posts

1 of 312