रायपुर। अंबिकापुर में खाकी की गुंडई का मामला सामने आया है। यहां वर्दी के नशे में चूर एक हेड कांस्टेबल ने कार सवार वकील और उसकी बेटी की जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है की गाड़ी मोड़ने के दौरान इंडिकेटर नहीं देने की विवाद पर हेड कांस्टेबल ने अपने साथियों के साथ मिलकर वकील को जमकर पीटा। इस दौरान वकील की पत्नी के साथ भी अभद्रता की गई। फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस ने हेड कांस्टेबल संतोष कश्यप सहित चार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं एसएसपी ने आरोपी कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। फुंदुरडिहारी निवासी राजेश तिवारी पैसे से वकील है। वारदात वाले दिन उनका बेटा राहुल तिवारी अपनी कार को अंदर खड़ा करने के लिए घर से निकला था। गाड़ी मोड़ने के लिए वह कार लेकर पटेलपारा तिराहे तक गया। वहीं से गाड़ी मोड़ कर घर वापस आने के लिए मोड़ा, तभी चार पहिया वाहन सवार गांधीनगर थाने का हेड कांस्टेबल संतोष कश्यप अपने साथियों के साथ वहां आ पहुंचे। संतोष ने राहुल तिवारी की कार के सामने अपनी गाड़ी लगा दी और बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी मोड़ने की बात कह कर गाली गलौच करने लगा।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि कांस्टेबल संतोष व उसके साथियों ने राहुल तिवारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद राहुल ने अपने पिता को फोन कर इसकी पूरी जानकारी दी। इधर कांस्टेबल ने भी फ़ोन कर अपने दो और साथियों को बुला लिया।
जब राजेश तिवारी अपनी पत्नी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो संतोष कश्यप अपने साथियों के साथ राहुल को जमीन पर गिरकर पीट रहा था। बीच बचाव करने आए राजेश तिवारी के साथ भी हेड कांस्टेबल और उसके साथियों ने मारपीट की। इस दौरान उनकी पत्नी के साथ भी अभद्रता की गई। मारपीट की घटना में राजेश तिवारी का बाया पैर फ्रैक्चर हो गया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने गांधीनगर पुलिस के हेड कांस्टेबल संतोष कश्यप सहित उसके तीन साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। वही मामले में हेड कांस्टेबल को तत्काल सस्पेंड करने का आदेश दिया है।









