बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के खैरीडीह के पास हुआ, जहां बाइक और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक देवरी से डौंडीलोहारा की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान खैरीडीह के समीप सामने से आ रही कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान तरुण यादव (20 वर्ष), राहुल सेवता (20 वर्ष) और नरेंद्र भुआर्या (21 वर्ष) के रूप में की है। तीनों युवक पिंकापार थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में मचा हड़कंप
हादसे की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर डौंडीलोहारा पुलिस घटनास्थल पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को लेकर जताई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।










