रायपुर। राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मकान के भीतर एनजीओ संचालक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। यह मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान माणिक मेहता, पिता स्वर्गीय बी.डी. मेहता के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, माणिक मेहता इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित अपने घर में अकेले रहते थे। उनका शव घर के किचन में पड़ा मिला, जिसके बाद आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही डीडी नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और क्राइम ब्रांच की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल की कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि घटना वाटर वर्ल्ड के पीछे रोड स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी की है।
लाश मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।










