विष्णुदेव साय और विजय शर्मा दिल्ली दौरे पर हैं। इस दौरान दोनों नेता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। बैठक में बस्तर में चल रही विकास योजनाओं, सुरक्षा व्यवस्था और नक्सलवाद समाप्ति के बाद क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर विस्तृत चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है और अब सरकार तेजी से विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार को बस्तर में चल रही योजनाओं और अधूरे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट दी जाएगी।
आयुष्मान, आधार और राशन कार्ड योजनाओं की होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में लोगों के लिए बनाए जा रहे आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और राशन कार्ड की स्थिति की भी समीक्षा की जाएगी। सरकार ने इन योजनाओं के लिए जो लक्ष्य तय किए थे, अब तक उनमें कितनी प्रगति हुई है इसकी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री को दी जाएगी।
इसके साथ ही बस्तर में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए जा रहे अभियानों और आगे की रणनीति पर भी चर्चा होगी।
19 मई को बस्तर आएंगे अमित शाह
गौरतलब है कि 19 मई को बस्तर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में चार राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे, जहां नक्सलवाद समाप्ति के बाद सामाजिक, आर्थिक, बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और अंतरराज्यीय मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
खरीफ फसलों के बढ़े MSP पर जताया आभार
मुख्यमंत्री साय ने खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में बढ़ोतरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि से किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा।
13 मई को प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के MSP में वृद्धि को मंजूरी दी थी। इसमें सूरजमुखी बीज, कपास, नाइजरसीड और तिल के MSP में सबसे अधिक बढ़ोतरी की गई है।
पेट्रोल-डीजल बचत पर सरकार का फोकस
पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने कारकेड में गाड़ियों की संख्या कम की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तेल बचाने के आह्वान को ध्यान में रखते हुए सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में इसे और प्रभावी बनाया जाएगा।









